अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी के खिलाफ ग्राम रोजगार सहायकों ने खोला मोर्चा, तबादले की मांग कटनी। जनपद पंचायत बड़वारा अंतर्गत कार्यरत ग्राम रोजगार सहायकों ने अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी की मिली जानकारी कार्यशैली पर गंभीर सवाल उठाते हुए उनके स्थानांतरण की मांग की है। इस संबंध में ग्राम रोजगार सहायक एवं पंचायत सहायक सचिव कर्मचारी संघ द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कटनी को ज्ञापन सौंपा गया।ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी द्वारा ग्राम रोजगार सहायकों को आर्थिक एवं मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है। साथ ही कर्मचारियों का कहना है कि शासकीय नियमों के विपरीत दबाव बनाकर कार्य कराया जाता है तथा उनकी बात न मानने पर सेवा समाप्त कराने की धमकी दी जाती है।संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों में उक्त अधिकारी की कार्यशैली को लेकर भारी असंतोष व्याप्त है। संघ ने मांग की है कि संबंधित अधिकारी का तीन दिनों के भीतर अन्य जनपद या जिले में स्थानांतरण किया जाए।ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांग पूरी नहीं की गई तो जनपद पंचायत बड़वारा के समस्त ग्राम रोजगार सहायक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी।इस ज्ञापन पर बड़ी संख्या में ग्राम रोजगार सहायकों के हस्ताक्षर भी दर्ज हैं, जिससे कर्मचारियों की एकजुटता देखने को मिली।