मरीजों की समस्याओं पर तत्काल सक्रिय हुए जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा
अस्पताल पहुंचकर मरीजों और परिजनों से की मुलाकात, अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर व्यवस्थाएं सुधारने के दिए निर्देश
कटनी। जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष अशोक कुमार विश्वकर्मा ने अस्पताल पहुंचकर मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा उपचार के दौरान आ रही समस्याओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
मरीजों और उनके परिजनों ने उपचार के दौरान कुछ परेशानियों तथा आवश्यक सुविधाएं समय पर उपलब्ध नहीं होने की बात जिला पंचायत उपाध्यक्ष के समक्ष रखी। मामले को गंभीरता से लेते हुए अशोक विश्वकर्मा ने तत्काल संबंधित अधिकारियों एवं स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों से फोन पर चर्चा की और मरीजों को बेहतर एवं समुचित उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि अस्पताल में मरीज इलाज और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं की उम्मीद लेकर आते हैं। ऐसे में उन्हें किसी भी स्तर पर अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। स्वास्थ्य सेवाओं में आने वाली समस्याओं का समय पर निराकरण किया जाना आवश्यक है, ताकि मरीजों और उनके परिजनों को राहत मिल सके।

इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने अस्पताल की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया और मरीजों एवं उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाकर समाधान कराने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
मौके पर पहुंचकर मरीजों की समस्याएं सुनने, अस्पताल की स्थिति का जायजा लेने और तत्काल अधिकारियों से संपर्क कर समाधान की पहल करने की उनकी सक्रियता की अस्पताल में मौजूद लोगों ने सराहना की।