
कटनी | जानकी प्रसाद विश्वकर्मा
मध्य प्रदेश के कटनी जिले की बरही तहसील अंतर्गत ग्राम करेला में धान खरीदी व्यवस्था गंभीर संकट के दौर से गुजर रही है। पार्वती स्व-सहायता समूह करेला द्वारा समय पर बारदाना उपलब्ध नहीं कराए जाने से किसान भारी परेशानियों का सामना करने को मजबूर हैं।
किसानों के अनुसार 31 दिसंबर 2025 के बाद से बारदाना की आपूर्ति पूरी तरह ठप है, जिसके चलते धान की तौल प्रक्रिया बाधित हो गई है। कई किसान अपनी उपज लेकर समिति केंद्र तक पहुंच चुके हैं, लेकिन बोरे नहीं होने के कारण धान की खरीदी नहीं हो पा रही है।
धान खरीदी में हो रही देरी से किसानों को आर्थिक नुकसान की चिंता सता रही है। खुले में रखा धान खराब होने का खतरा बढ़ गया है, वहीं बार-बार केंद्र के चक्कर काटने से किसानों की लागत भी बढ़ रही है।
किसानों ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि वे अपनी उपज वापस लेकर नहीं जाएंगे। जिन किसानों के स्लॉट 12 जनवरी को निर्धारित हैं, उनके सामने स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है। बारदाना के अभाव में खरीदी प्रक्रिया ठप होने से किसानों में भारी आक्रोश है।
पीड़ित किसानों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। किसानों का कहना है कि कलेक्टर महोदय जल्द से जल्द मामले का संज्ञान लें और संबंधित विभाग को निर्देशित कर तुरंत बारदाना उपलब्ध कराया जाए, ताकि धान खरीदी सुचारु रूप से शुरू हो सके।
अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो किसान आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभागों की होगी।



