Katni 32°C | Wednesday, 11 November 2026

कलेक्टर ने बरही अग्नि हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के लिए किया समिति गठित

10 Nov, 2026 Adrishy Shakti KATNI, madhya-pradesh
IMG 20261110 WA0000 कलेक्टर ने बरही अग्नि हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के लिए किया समिति गठित

कलेक्टर ने बरही अग्नि हादसे की मजिस्ट्रियल जांच के लिए किया समिति गठित
बरही अग्नि हादसे की होगी मजिस्ट्रियल जांच, कलेक्टर ने अपर कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित किया समिति
जांच समिति करेगी घटना के कारणों और संभावित लापरवाही की जांच
कलेक्टर आशीष तिवारी ने 30 दिन में जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
कटनी /बरही नगर के मुख्य बाजार में अग्रवाल परिवार के आवासीय भवन सह क्रॉकरी दुकान में हुए भीषण अग्निकांड और एक ही परिवार के छह सदस्यों की दर्दनाक मृत्यु की घटना को जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट श्री आशीष तिवारी ने घटना के वास्तविक कारणों, परिस्थितियों और संभावित लापरवाही का पता लगाने के लिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी करते हुए अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्र की अध्यक्षता में चार सदस्यीय जांच समिति गठित की है।कलेक्टर श्री तिवारी ने जांच समिति को 30 दिवस के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार समिति में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस विजयराघवगढ़ श्री विजय धारेवे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कैमोर श्री मनीष परते और सहायक यंत्री विद्युत सुरक्षा कटनी श्रीमती ज्योति यादव को सदस्य बनाया गया है।
*आग लगने के कारणों से लेकर बचाव कार्यों तक की होगी जांच*
जांच समिति बरही निवासी श्री पूरनलाल पिता श्री भगवत प्रसाद के आवासीय भवन एवं उसमें संचालित क्रॉकरी दुकान में लगी आग की घटना के सभी पहलुओं की विस्तृत पड़ताल करेगी। समिति यह पता लगाएगी कि आग किन परिस्थितियों में लगी और इसके वास्तविक कारण क्या थे। इसके साथ ही घटना के दौरान पुलिस, राजस्व और अग्निशमन विभाग द्वारा किए गए राहत एवं बचाव कार्यों की भी समीक्षा की जाएगी।
जांच में भवन और दुकान के संचालन से संबंधित नियमों एवं सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति का परीक्षण भी किया जाएगा। यह भी पता लगाया जाएगा कि घटना में किसी स्तर पर लापरवाही, चूक अथवा किसी व्यक्ति की भूमिका तो नहीं रही।
*प्रत्यक्षदर्शियों के बयान और साक्ष्यों का होगा परीक्षण*
समिति संबंधित व्यक्तियों, प्रत्यक्षदर्शियों और प्रभावित पक्षों के बयान दर्ज करेगी। आवश्यक दस्तावेजों, विभागीय अभिलेखों और उपलब्ध साक्ष्यों का परीक्षण कर घटना के कारणों एवं जिम्मेदारियों का निर्धारण किया जाएगा।
इसके अलावा भविष्य में इस तरह की हृदयविदारक घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक सुझाव भी जांच रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे।
कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने जांच समिति को 30 दिवस के भीतर विस्तृत जांच प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।
खबर सोशल मीडिया में शेयर करें