Katni 32°C | Thursday, 8 October 2026

वन्यप्राणी सप्ताह के अंतर्गत निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित

07 Oct, 2026 Adrishy Shakti KATNI, madhya-pradesh
IMG 20261007 WA0015 वन्यप्राणी सप्ताह के अंतर्गत निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
वन्यप्राणी सप्ताह के अंतर्गत निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित
‘मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व : चुनौतियाँ एवं संभावनाएँ’ विषय पर विद्यार्थियों ने रखे विचार
कटनी। वन मंडल अधिकारी कटनी श्री गर्वित गंगवार (भारतीय वन सेवा) एवं उप वन मंडल अधिकारी कटनी पूर्व श्री जगदीश वासपे के कुशल निर्देशन एवं मार्गदर्शन में वन परिक्षेत्र कटनी के अंतर्गत वन्यप्राणी सप्ताह का आयोजन 1 से 7 अक्टूबर तक किया गया। सप्ताह के दौरान विद्यार्थियों एवं आमजन में वन्यप्राणियों के संरक्षण, संवर्धन तथा उनके प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न जागरूकता गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
वन्यप्राणी सप्ताह के समापन अवसर पर 7 अक्टूबर को शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, माधवनगर, कटनी में विद्यार्थियों के लिए वन्यप्राणी विषय पर निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। निबंध प्रतियोगिता का विषय “मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व : चुनौतियाँ एवं संभावनाएँ” रखा गया। विद्यार्थियों ने विषय पर अपने विचार प्रस्तुत करते हुए मानव एवं वन्यजीवों के बीच संतुलित सह-अस्तित्व की आवश्यकता, मानव-वन्यजीव संघर्ष की चुनौतियों तथा उसके समाधान की संभावनाओं को रेखांकित किया।
वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने बाघ, तेंदुआ, हिरण सहित विभिन्न वन्यप्राणियों एवं उनके प्राकृतिक आवास को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करते हुए वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता के महत्व का संदेश दिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता के उपरांत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए। विजेता विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही सभी विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों के संरक्षण, उनके प्राकृतिक आवास की सुरक्षा तथा मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के महत्व के संबंध में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के दौरान वन विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विद्यार्थियों को वन्यप्राणियों की पारिस्थितिकी में भूमिका, जैव विविधता संरक्षण, वन्यप्राणी संरक्षण कानून तथा मानव-वन्यजीव संघर्ष को कम करने में जनभागीदारी के महत्व के संबंध में जानकारी दी गई। विद्यार्थियों को वन एवं वन्यप्राणियों के संरक्षण का संदेश अपने परिवार एवं समाज तक पहुँचाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती संध्या बेन सहित शिक्षकगण डॉ. रामपद तिवारी, श्री रमेश कुमार पटेल, श्री राम सिंह बागरी, डॉ. परवीन खान, श्रीमती समिधा त्रिपाठी, श्री विक्रम चतुर्वेदी, श्री असीम कुमार दत्ता, श्री विजय कुमार कर, श्री विनीत झरिया, श्री उमेश लोधी एवं सुश्री शैलजा तिवारी का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
इस अवसर पर वन परिक्षेत्र कटनी का संपूर्ण स्टाफ उपस्थित रहा तथा आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग प्रदान किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों में वन्यप्राणियों के प्रति संवेदनशीलता एवं संरक्षण की भावना विकसित करने के साथ-साथ समाज में मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का संदेश दिया गया।
खबर सोशल मीडिया में शेयर करें
Tags: