विद्युत विभाग का विशेष अभियान: समाधान योजना के तहत बकायादारों पर कार्रवाई,

विद्युत विभाग का विशेष अभियान: समाधान योजना के तहत बकायादारों पर कार्रवाई, 70 कनेक्शन काटे गएकटनी। विद्युत विभाग द्वारा समाधान योजना के अंतर्गत बकाया विद्युत बिल की वसूली के लिए विशेष अभियान चलाया गया। दिनांक 17 अप्रैल 2026 को कटनी संभाग के मुख्य अभियंता एस. के. गिरिया एवं अधीक्षण अभियंता डी. एन. चौकीकर के निर्देशन में कार्यपालन अभियंता शरद विश्वकर्मा, कनिष्ठ अभियंता तथा समस्त लाइन स्टाफ की टीम ने खितौली वितरण केंद्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बम्होरी, बरन, महंगवां, सलैया, सिहोरा, कुआं और सकरीगढ़ सहित विभिन्न गांवों में अभियान चलाया।अभियान के दौरान अत्यधिक विद्युत बिल बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए 70 उपभोक्ताओं के विद्युत कनेक्शन विच्छेदित किए गए।

विभागीय जानकारी के अनुसार इन उपभोक्ताओं पर कुल 24 लाख 69 हजार रुपये की बकाया राशि लंबित थी, जिसके चलते उनकी विद्युत आपूर्ति बाधित की गई।इसके साथ ही फील्ड में उतरी विद्युत विभाग की टीमों ने अवैध रूप से बिजली का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं को भी चिन्हित किया। इस दौरान विद्युत अधिनियम की धारा 135 एवं 138 के तहत 9 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। विभाग ने बताया कि इन मामलों को शीघ्र ही माननीय न्यायालय में प्रस्तुत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।विद्युत विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समाधान योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया बिलों का शीघ्र भुगतान करें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।