कटनी | दिनांक 03 फरवरी 2026
जिले की स्लीमनाबाद एवं ढीमरखेड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। 8 वर्षों से फरार चल रहे स्थायी वारंटी को राजस्थान के भीलवाड़ा से गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। यह कार्रवाई जिले की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार श्रीमान पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा के नेतृत्व में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संतोष डेहरिया एवं अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) स्लीमनाबाद श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना स्लीमनाबाद एवं थाना ढीमरखेड़ा की संयुक्त टीम ने दिनांक 02 फरवरी 2026 को योजनाबद्ध कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम ने माननीय न्यायालय कटनी के विभिन्न प्रकरणों में वांछित स्थायी वारंटी किस्सू उर्फ रामकिशोर काछी (पिता – जैनीलाल काछी, उम्र 33 वर्ष) निवासी ग्राम अतरसुमा थाना ढीमरखेड़ा जिला कटनी, जो वर्तमान में पटेल नगर थाना प्रतापनगर जिला भीलवाड़ा (राजस्थान) में रह रहा था, को गिरफ्तार किया। आरोपी पर धारा 366, 376, 395, 397 आईपीसी, 25 आर्म्स एक्ट सहित अन्य गंभीर धाराओं के प्रकरण दर्ज थे तथा वह वर्ष 2018 से फरार चल रहा था।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को विधिवत न्यायालय में पेश किया गया, जहां आगे की वैधानिक कार्यवाही की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
सराहनीय भूमिका
इस संपूर्ण ऑपरेशन में थाना प्रभारी स्लीमनाबाद सुदेश कुमार, थाना प्रभारी ढीमरखेड़ा अभिषेक चौबे, एएसआई विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक 509 प्रेम शंकर पटेल, आरक्षक 702 अचल सिंह तथा साइबर सेल से आरक्षक 626 अजय साकेत की विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।
पुलिस विभाग ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।



