बरही बायपास निर्माण के लिए 12.285 हेक्टेयर निजी भूमि का होगा अधिग्रहण

तीन गांवों में भूमि अर्जन की प्रारंभिक अधिसूचना जारी, 60 दिनों के भीतर दर्ज करा सकेंगे आपत्ति
कटनी – बरही में बायपास निर्माण के लिए ग्राम बरही, बुजबुजा और खन्ना बंजारी की कुल 12.285 हेक्टेयर निजी भूमि अर्जन के संबंध में कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने प्रारंभिक अधिसूचना जारी कर दी है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, बायपास निर्माण के लिए ग्राम बरही की 7.525 हेक्टेयर, ग्राम बुजबुजा की 1.140 हेक्टेयर तथा ग्राम खन्ना बंजारी की 3.620 हेक्टेयर निजी भूमि अर्जित की जाएगी। यह अधिसूचना भूमि अर्जन, पुनर्वासन और पुनर्व्यवस्थापन में उचित प्रतिकर और पारदर्शिता का अधिकार अधिनियम, 2013 की धारा 11 (1) के तहत जारी की गई है।
60 दिनों में प्रस्तुत कर सकेंगे आपत्ति
अधिनियम की धारा 15 के प्रावधानों के तहत अधिसूचना के प्रकाशन की तारीख से 60 दिनों के भीतर कोई भी इच्छुक व्यक्ति भूमि अर्जन के संबंध में अपनी आपत्ति कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत कर सकता है। निर्धारित अवधि में प्राप्त आपत्तियों पर नियमानुसार विचार किया जाएगा।
*बिना अनुमति नहीं हो सकेगा भूमि का क्रय-विक्रय*
अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि धारा 11 (4) के तहत कलेक्टर की पूर्व अनुमति के बिना अधिसूचित भूमि का क्रय-विक्रय अथवा किसी अन्य प्रकार का संव्यवहार नहीं किया जा सकेगा।
अधिग्रहित की जाने वाली भूमि के नक्शे एवं रेखांकन कार्यालय कलेक्टर कटनी, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व एवं भू-अर्जन अधिकारी विजयराघवगढ़ तथा लोक निर्माण विभाग संभाग कटनी में कार्यालयीन समय के दौरान देखे जा सकेंगे। इसके अलावा अधिनियम की धारा 12 के तहत लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संबंधित भूमि में प्रवेश कर सर्वेक्षण, भूमि का स्तर लेने और आवश्यक तकनीकी जांच करने के लिए अधिकृत किया गया है।